शराब का मनचाहा ब्रांड न मिलने पर भड़के ग्राहक, सेल्समैन को पीटा और दुकान में की तोड़फोड़
By
Dec 10, 2025
आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में ईंट की मंडी तिराहे पर स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके पर यह घटना हुई। जानकारी के अनुसार, बरौदा सदर निवासी हरेंद्र 7 दिसंबर को रात 9:30 बजे दुकान पर बिक्री कर रहे थे। तभी त्रिवेश और दीपक नामक दो युवक आए और एक विशेष ब्रांड की शराब मांगी। जब उन्हें बताया गया कि उस ब्रांड का स्टॉक खत्म हो गया है, तो वे भड़क गए।
आरोप है कि इसके बाद 15 अज्ञात लोग भी वहां आ गए और गाली गलौज करते हुए हरेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने दुकान में ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे हरेंद्र को चोटें आईं और दुकान में रखी शराब की दो-तीन बोतलें टूट गईं। आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हरेंद्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपितों की तलाश कर रही है।
अगली खबरें
