सिवान में बेखौफ बदमाशों का तांडव, 60 लाख के गहने लूटे; पास में खड़ी रही पुलिस की गश्त गाड़ी
बिहार के सिवान जिले में अपराधियों ने कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया है। बसंतपुर थाना क्षेत्र के खोरीपाकर बाजार में दो बाइक पर सवार छह बेखौफ बदमाशों ने एक आभूषण की दुकान को निशाना बनाया। बदमाशों ने दुकान में घुसकर पिस्तौल की नोक पर दुकान मालिक और कर्मचारियों को डराया-धमकाया। उन्होंने सोने-चांदी के जेवर और नकदी सहित करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली।
लूट के दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग भी की। पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली खोखे बरामद किए हैं। इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि जिस समय यह वारदात हो रही थी, पुलिस की गश्त गाड़ी बाजार में ही मौजूद थी। इसके बावजूद अपराधी बिना किसी रोक-टोक के लूट को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी विक्रम सिहाग सहित वरीय अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है, लेकिन इस घटना ने स्थानीय व्यापारियों और आम जनता के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
