लखनऊ के पॉश इलाके में महिला का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस
लखनऊ के गोमती नगर के विशाल खंड इलाके में सोमवार की सुबह अज्ञात महिला का शव एक पूर्व आईएएस अफसर के मकान के सामने सड़क की दूसरी तरफ दीवार के सहारे रखा मिला। महिला के पैर और कपड़ों पर मिट्टी लगी थी। साथ ही पैर पर खरोचने के निशान थे। राहगीरों की सूचना पर गोमती नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की है। फारेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्रित किए हैं। स्थानीय लोग हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने के इरादे से यहां रखने की बात कह रहे हैं।
विशाल खंड इलाके में सर्विस लेन के पास सेवानिवृत्त आइएएस अफसर का मकान है। सोमवार की सुबह राहगीरों ने मकान के पास अचेत अवस्था में दीवार के सहारे पड़ी एक महिला को देखा। उसकी पीठ दीवार से टिकी थी जबकि पैर और हाथ जमीन पर थे, महिला का सिर नीचे की तरफ झुका हुआ था। काफी देर तक जब कोई हलचल नहीं हुई तो राहगीरों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर महिला को अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। उसके पैर में खरोंच थी। शरीर पर काले रंग का स्वेटर, गुलाबी कुर्ता, लाल रंग की सलवार और पीला दुपट्टा भी था। महिला के पास से मोबाइल या कोई अन्य दस्तावेज नहीं मिला है। ऐसे में उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हत्या करने के बाद शव को बदमाशों ने यहां पर फेंका है। गोमती नगर सहायक पुलिस आयुक्त बीएन सिंह ने कहा कि मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। महिला के शरीर पर कोई चोट नहीं दिखी है। कपड़े भी सही थे। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की जानकारी होगी। हुलिये के आधार पर शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या करने की पुष्टि नहीं हुई है।
चश्मदीदों ने बताया कि महिला गले से लेकर हाथ के बीच उसका दुपट्टा लिपटा था। ऐसा लग रहा था जैसे उसके हाथ बांधे गए थे। नाम न छापने की शर्त पर उन्होंने बताया कि बदमाशों ने कहीं और हत्या की होगी। शव ठिकाने लगाने जा रहे होंगे तभी किसी कारणवश शव को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस हत्या के साथ ही अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में भी दहशत है।
पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे कई सीसी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली है। हालांकि, अभी तक पुलिस को सीसी कैमरे से कोई सबूत नहीं मिला है। अलग-अलग टीम जांच में जुटी हैं। साथ ही सर्विलांस की मदद भी ली जा रही है। शिनाख्त के लिए शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवाया गया है।
लखनऊ की बेकरी में भीषण आग, LPG सिलेंडर फटने से मची अफरा अफरा-तफरी
निष्प्रयोज्य औद्योगिक भूमि पर उद्योग लगाने की राह खुली, यूपी सरकार ला रही ‘बाई बैक नीति’
UP में वोटर लिस्ट अपडेट की आखिरी तारीख बढ़ी, 82% मतदाताओं ने जमा किए गणना प्रपत्र
लखनऊ की सड़कों पर ‘कन्फ्यूजन’ वाले साइन बोर्ड, लोग बोले- ‘समझना मुश्किल, आसान भाषा का इस्तेमाल हो’
रेलवे का बड़ा फैसला: ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले रेलकर्मी के परिवार को मिला 1 करोड़ का मुआवजा
यूपी की जेलों में जाति-आधारित काम खत्म: योगी सरकार ने जेल मैनुअल में किया बड़ा संशोधन
