दिल्ली कार ब्लास्ट: मास्टरमाइंड डॉक्टर शाहीन के घर NIA का छापा, पिता-भाई से पूछताछ; एजेंसी के हाथ लगे ‘जरूरी सबूत’
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने सोमवार सुबह दिल्ली कार ब्लास्ट की मास्टरमाइंड डॉक्टर शाहीन के लखनऊ स्थित घर पर छापा मारा। एनआईए के साथ एटीएस और स्थानीय पुलिस भी मौजूद थी। टीम ने लगभग दो घंटे तक शाहीन के पिता सईद अंसारी और बड़े भाई शोएब से गहन पूछताछ की। इस दौरान इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और आम जनता की आवाजाही रोक दी गई। छापेमारी के दौरान आसपास अफरा-तफरी का माहौल रहा।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी को कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। टीम ने घर के हर हिस्से की बारीकी से जांच की। गौरतलब है कि 11 नवंबर को भी जम्मू-कश्मीर पुलिस और एटीएस ने इसी घर पर छापा मारा था। उस छापे के बाद से शाहीन के पिता ने खुद को घर तक सीमित कर लिया था। छापेमारी के बाद से इलाके में भी दहशत का माहौल है और मोहल्ले के लोग किसी बाहरी से बात करने से कतरा रहे हैं। शाहीन के पिता सईद अंसारी का कहना है कि उन्हें अब भी विश्वास नहीं होता कि उनकी बेटी किसी ऐसी गतिविधि में शामिल हो सकती है।
