फरीदाबाद: प्लॉट विवाद में पीड़ित पर केस दर्ज करने वाले SHO पर गिरी गाज, निलंबित!
फरीदाबाद के सेक्टर-85 में एक प्लॉट को लेकर हुए विवाद में खेड़ी पुल थाने के प्रभारी कुलदीप दहिया को निलंबित कर दिया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने पीड़ित की फरियाद सुनने के बजाय, शिकायतकर्ता यानी पीड़ित पर ही गलत तरीके से मामला दर्ज कर दिया। यह मामला 250 वर्ग गज के प्लॉट से जुड़ा था।
पीड़ित ने इस मामले की शिकायत सीधे पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता से की, जिसके बाद एसीपी सेंट्रल राजीव कुमार को जांच सौंपी गई। जांच में थाना प्रभारी कुलदीप दहिया की लापरवाही और पक्षपात उजागर हुआ। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस आयुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया।
इस मामले में दूसरे पक्ष और निलंबित SHO की मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है। विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। खेड़ी पुल थाने के नए प्रभारी के तौर पर देवेंद्र को नियुक्त किया गया है, जो पहले मेट्रो थाना प्रभारी थे। वहीं, मेट्रो थाने की जिम्मेदारी मनीष को सौंपी गई है।
