फरीदाबाद में खौफ का दूसरा नाम बने आवारा कुत्ते! नगर निगम ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, ऐसे करें शिकायत
फरीदाबाद में आवारा कुत्तों का आतंक अब चरम पर है। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए और इस समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। निगम ने अब आवारा कुत्तों से संबंधित शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और इनसे जुड़ी घटनाओं में वृद्धि के बाद यह निर्णय लिया गया है।
नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा ने आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशानुसार आम जनता की सुविधा के लिए ये नंबर जारी किए हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में लगभग 50,000 आवारा कुत्ते हैं, और जिला नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन कुत्ते के काटने के 80 से अधिक मामले सामने आते हैं। पहले लोग शिकायतें करते थे, लेकिन समय पर समाधान नहीं हो पाता था। इन हेल्पलाइन नंबरों के जारी होने से शिकायतों का सही रिकॉर्ड रखा जा सकेगा और यह पता चल सकेगा कि किन क्षेत्रों से अधिक शिकायतें आ रही हैं।
स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम, डॉ. नितीश परवाल ने कहा, “हमारा प्रयास है कि आम नागरिकों को आवारा कुत्तों से हो रही परेशानी से जल्द से जल्द निजात दिलाई जा सके।” उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि आवारा कुत्तों से संबंधित किसी भी समस्या के लिए इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल कर आवश्यक जानकारी दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। सुप्रीम कोर्ट के फैसले का दिल्ली-एनसीआर की जनता ने स्वागत किया है, जिसमें कुत्तों को पकड़कर शेल्टर होम में डालने के आदेश दिए गए हैं। वहीं, ग्रेफ की RWA ने कुत्तों को घुमाने के लिए अहम गाइडलाइंस भी जारी की हैं।
