पटना में ड्रग्स तस्करी का नेटवर्क ध्वस्त, पति-पत्नी सहित चार गिरफ्तार
एसटीएफ, पटना पुलिस और रेल पुलिस की एक संयुक्त कार्रवाई ने असम से संचालित हो रहे एक बड़े ड्रग्स तस्करी नेटवर्क की कमर तोड़ दी है। इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक पति-पत्नी भी शामिल हैं। इनके पास से कुल 90.09 ग्राम हेरोइन और स्मैक बरामद की गई है। यह गिरोह असम से मादक पदार्थों की खेप लाकर पटना और वैशाली जिलों में सप्लाई करता था।
सूत्रों के अनुसार, जक्कनपुर थाना पुलिस ने पटना जंक्शन के पास से दो तस्करों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, पाटलिपुत्र रेल थाना पुलिस ने गुवाहाटी-सिलचर एक्सप्रेस से एक पति-पत्नी को स्मैक के साथ पकड़ा। यह दोनों वैशाली जिले के निवासी हैं और लंबे समय से इस धंधे में सक्रिय थे। गिरफ्तार दंपति की पहचान रामसागर राय और गुड़िया देवी के रूप में हुई है। इनके पास से 67.25 ग्राम स्मैक, 2500 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और दो आधार कार्ड जब्त किए गए हैं।
पूछताछ के दौरान, गिरफ्तार तस्करों ने मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ी एक विस्तृत चेन का खुलासा किया है। इसमें छह अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, जो वैशाली, पटना और असम के रहने वाले हैं। यह भी पता चला है कि इस नेटवर्क के तार पूर्वोत्तर भारत और म्यांमार तक फैले हुए हैं। एसटीएफ और पटना पुलिस इन सभी संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। कुछ आरोपियों का लोकेशन ट्रेस करने के लिए तकनीकी अनुसंधान भी चलाया जा रहा है।
एसटीएफ सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार दंपति स्मैक की खेप लेकर पटना से वैशाली जाने की फिराक में थे, जहाँ वे इसे पुड़िया बनाकर स्थानीय ग्राहकों को बेचने की योजना बना रहे थे। एसटीएफ लंबे समय से रामसागर राय और गुड़िया देवी की तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर, एसटीएफ ने पाटलिपुत्र रेल थाना पुलिस के साथ मिलकर गुवाहाटी-सिलचर एक्सप्रेस में इन दोनों को दबोच लिया। पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने और अन्य फरार तस्करों को गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है।
