लखनऊ के KGMU में 56 नए बेड जल्द, मरीजों को मिलेगी बेहतर कार्डियोलॉजी care
लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के प्रतिष्ठित लारी कॉर्डियोलॉजी विभाग में हृदय रोगियों के लिए अच्छी खबर है। विभाग के नए 10 मंजिला कार्डियोलॉजी ब्लॉक में जल्द ही 56 नए बेड मरीजों के लिए उपलब्ध होंगे। इस विस्तार से विभाग की कुल बेड क्षमता 84 से बढ़कर 130 हो जाएगी, जिससे मरीजों को बेड के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
लगभग 37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस नए भवन की तीन मंजिलें पहले से ही ओपीडी और अन्य सेवाओं के लिए उपयोग की जा रही हैं। शेष सेवाओं को जल्द ही शुरू करने की तैयारी है। विभागाध्यक्ष डॉ. ऋषि सेठी ने बताया कि नई सेवाओं के संचालन के लिए संविदा पर नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की भर्ती के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया चल रही है।
नए ब्लॉक में 32 जनरल बेड अगले दो हफ्तों में शुरू होने की उम्मीद है, जबकि 24 प्राइवेट बेड पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत बाद में शुरू किए जाएंगे। इस विस्तार का सीधा असर मरीजों पर पड़ेगा, जिन्हें अब बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
इस नए भवन में कैथ लैब, मॉनिटरिंग नर्सिंग स्टेशन, इकोकार्डियोग्राफी मशीन, अस्थायी पेसमेकर, मल्टी चैनल ईसीजी और ट्रेडमिल टेस्ट (टीएमटी) जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। हालांकि, फायर विभाग से एनओसी प्राप्त करने में फायर एग्जिट रैंप की आवश्यकता के कारण परियोजना में कुछ देरी हुई थी, लेकिन अब यह जल्द ही पूरी तरह से चालू हो जाएगा।
