आगरा में डराने लगी यमुना, बल्केश्वर घाट डूबा; प्रशासन अलर्ट पर, Yamuna river water level rising
यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर ने आगरा में चिंता बढ़ा दी है। सोमवार को बल्केश्वर घाट पूरी तरह से डूब गया, जिसके बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर घाट को बंद कर दिया है और पुलिस बल तैनात कर दिया है। नदी का जलस्तर 149.62 मीटर तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान (152 मीटर) के काफी करीब है। गोकुल बैराज से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
दिल्ली और हरियाणा में हो रही लगातार बारिश के कारण यमुना में पानी का प्रवाह तेज हो गया है। हथिनीकुंड बैराज से भी बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा गया है। इस स्थिति को देखते हुए, जिला प्रशासन ने तहसील सदर के 15 और फतेहाबाद तहसील के 8 गांवों में मुनादी कराई है और लोगों को नदी के किनारे न जाने की सलाह दी है। सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है।
आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार तक यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है। यदि ऐसा होता है, तो शहर के निचले इलाकों जैसे मंटोला, जीवनी मंडी, हाथी घाट और बल्केश्वर में जलभराव की समस्या खड़ी हो सकती है। नालों की निकासी प्रभावित होगी और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन भी बाधित हो सकता है। मेट्रो के पांच पिलरों और इंटकवेल का निर्माण कार्य भी जलस्तर बढ़ने के कारण रोक दिया गया है।
