आगरा में महिला से लूट, बाइक सवार बदमाशों ने छीना सोने का कुंडल
आगरा में अपराध (Agra crime news) की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मडराक थाना क्षेत्र का है, जहां शुक्रवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाया और उससे सोने का कुंडल छीनकर फरार हो गए। लूट के दौरान महिला का कान फट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
मडराक थाना क्षेत्र के गांव बढ़ौली फतेह खां निवासी पूर्व प्रधान बबलू की पत्नी सावित्री देवी शुक्रवार को मथुरा बाईपास स्थित भकरौला के निकट गैस एजेंसी के पीछे अपने खेतों में काम कर रही थीं। शाम करीब 4 बजे जब वह खेतों से वापस रोड की तरफ आ रही थीं, तभी मथुरा रोड की तरफ से एक बाइक पर सवार दो बदमाश आए।
बदमाशों ने महिला को रोककर उससे पता पूछा। इसी दौरान पीछे बैठे बदमाश ने अचानक महिला के कान पर झपट्टा मारा और सोने का एक कुंडल छीन लिया। लूट के दौरान महिला का कान बुरी तरह फट गया। महिला के चीखने पर आसपास के राहगीर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।
सूचना पर मडराक पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर अवधेश कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
