प्रसाद मेडिकल कॉलेज में चौथे तल से गिरी महिला की मौत, परिजनों ने लगाई लापरवाही की गुहार
राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में स्थित प्रसाद मेडिकल कॉलेज में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल के चौथे तल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर एक 32 वर्षीय महिला, सीता दीक्षित की मौत हो गई। पुलिस का दावा है कि महिला मानसिक रूप से बीमार थीं और उनका इलाज चल रहा था।
परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अस्पताल प्रबंधन की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
जांच और कार्रवाई का आश्वासन
सूचना मिलते ही एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसीपी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में महिला तड़के साढ़े चार से पांच बजे के बीच सीढ़ियों से छत की ओर जाते हुए दिखी हैं। परिजनों द्वारा तहरीर मिलने और जांच में लापरवाही पाए जाने पर अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
साक्ष्य मिटाने का आरोप
मृतका के भाई, अधिवक्ता नीरज ने अस्पताल कर्मचारियों पर अभद्रता का आरोप भी लगाया। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर जब वह अस्पताल पहुंचे तो उन्हें सीसीटीवी फुटेज दिखाने से भी मना कर दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से कर्मचारियों ने आनन-फानन में फर्श से खून साफ कर दिया था। इस घटना ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
