आगरा में भीषण गर्मी के बीच जल संकट गहराया, पालड़ा झाल से गंगाजल सप्लाई घटी
भीषण गर्मी के बीच आगरा में पानी का संकट गहरा गया है। बुलंदशहर स्थित पालड़ा झाल से शहर को मिलने वाली गंगाजल की आपूर्ति में भारी कमी आई है। शुक्रवार दोपहर से सप्लाई घटकर पांच हजार क्यूसेक प्रति घंटा रह गई है, जबकि सामान्य तौर पर सात हजार क्यूसेक प्रति घंटा पानी मिलता है। इस कमी के कारण जीवनी मंडी वाटरवर्क्स और सिकंदरा प्लांट से होने वाली पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है।
कालामहल, पीपलमंडी, दरेसी, बेलनगंज, गधापाड़ा, जीवनी मंडी रोड और यमुना किनारा रोड सहित दर्जनभर से अधिक क्षेत्रों में सुबह और शाम को पानी का प्रेशर कम रहा। लोगों को पानी के लिए खाली बर्तन लेकर भटकना पड़ा। जलसंस्थान के टैंकर भी प्रभावित क्षेत्रों में नहीं पहुंच पाए। लोगों को सबमर्सिबल पंपों से पानी लेकर काम चलाना पड़ रहा है।
जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुमार गौरव ने बताया कि पालड़ा झाल से गंगाजल की आपूर्ति में यह कमी अगले दो से तीन दिनों तक बनी रह सकती है। इस दौरान पानी की समस्या से जूझना पड़ सकता है। यह स्थिति शहरवासियों के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि गर्मी में पानी की मांग पहले से ही अधिक होती है।
