वनडे करियर बचाने के लिए 15 साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी खेलेंगे विराट कोहली, रोहित भी दिखाएंगे दम
भारतीय क्रिकेट टीम के दो दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा लंबे समय बाद घरेलू क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं। टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके विराट कोहली अपने वनडे करियर को आगे बढ़ाने के लिए 24 दिसंबर से शुरू हो रही विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली के लिए खेलेंगे। विराट ने आखिरी बार 2010 में यह टूर्नामेंट खेला था।
सूत्रों के अनुसार, विराट ने डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली को फोन कर खेलने की जानकारी दी है। वह दिल्ली के लिए तीन से चार मुकाबले खेल सकते हैं। वहीं, रोहित शर्मा भी मुंबई के लिए कुछ मैच खेलेंगे। बीसीसीआई का रुख स्पष्ट है कि राष्ट्रीय टीम से बाहर रहने पर खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट खेलना अनिवार्य है। मुख्य कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर भी चाहते हैं कि ये दोनों खिलाड़ी घरेलू टूर्नामेंट में खेलें।
ड्रेसिंग रूम के गरमाए माहौल के बीच रोहित और अगरकर के बीच बातचीत नहीं हो रही है, और ऐसा ही कुछ मामला विराट और गंभीर के बीच है। चयनकर्ता प्रज्ञान ओझा ने इन दोनों खिलाड़ियों से बात की है। प्रज्ञान इन दोनों के अच्छे दोस्त हैं और पुराने दोस्त हैं, इसलिए उन्हें मध्यस्थता के लिए भेजा गया था। पिछले साल भी विराट और रोहित को रणजी ट्रॉफी खेलनी पड़ी थी, जिसके बाद उन्हें टेस्ट से संन्यास लेने के लिए मजबूर होना पड़ा था।
