विवाहिता की निर्मम हत्या, मौसेरे भाई ने थाने में कबूल किया जुर्म
कौशांबी जनपद में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक विवाहिता की उसके ही मौसेरे भाई ने निर्मम हत्या कर दी। हत्यारोपी युवक ने स्वयं थाने पहुंचकर पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। प्रारंभिक जांच में इस जघन्य हत्याकांड के पीछे एकतरफा प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है।
सूत्रों के अनुसार, घटना कौशांबी के सदर कोतवाली क्षेत्र के ऊनो गांव की है। मृतका दीपा (24 वर्ष) का विवाह तीन साल पहले लखनऊ के एक युवक से हुआ था। दीपा अपने एक सप्ताह पहले अपने मायके आई हुई थी और गुरुवार को अपने ससुराल जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसका मौसेरा भाई अजीत मिश्रा वहां पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अजीत मिश्रा ने दीपा से बातचीत के दौरान अचानक उस पर तमंचे से कनपटी में गोली मार दी। गोली लगने के बाद भी वह नहीं रुका और गड़ासे से उस पर कई बार वार किए, जिससे दीपा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद अजीत मिश्रा मौके से फरार हो गया और सीधे सदर कोतवाली थाने पहुंच गया।
थाने पहुंचकर उसने स्वयं स्वीकार किया कि उसने अपनी मौसेरी बहन दीपा की हत्या कर दी है। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी अजीत मिश्रा से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
इस घटना ने क्षेत्र में गहरा शोक और भय व्याप्त कर दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। पुलिस ने मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है ताकि घटना के सभी पहलुओं को उजागर किया जा सके।
