Vada Pav Girl Chandrika Dixit ने पति Yugam Gera पर लगाया चीटिंग का आरोप, वीडियो वायरल
दिल्ली की ‘Vada Pav Girl’ के नाम से मशहूर चंद्रिका दीक्षित हाल ही में ‘बिग बॉस ओटीटी 3’ में अपनी उपस्थिति के बाद चर्चा में आई थीं। अब वह अपने निजी जीवन को लेकर विवादों में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह अपने पति युगम् गेरा पर गंभीर आरोप लगा रही हैं।
वायरल वीडियो में चंद्रिका रोते हुए दिख रही हैं और उन्होंने दावा किया है कि उनके पति कई महीनों से उन्हें धोखा दे रहे थे। उन्होंने इंस्टाग्राम पर कुछ स्क्रीनशॉट और चैट भी साझा किए, जिन्हें वह अपने आरोपों का सबूत बता रही हैं। चंद्रिका ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक चुप रहने की कोशिश की, लेकिन जब स्थिति असहनीय हो गई, तो उन्होंने सच्चाई सबके सामने लाने का फैसला किया।
चंद्रिका के आरोपों के बाद, उनके पति युगम् गेरा ने भी सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा। युगम् ने वीडियो में अपनी गलती स्वीकार की, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि “इतनी भी बड़ी गलती नहीं है।” उन्होंने दावा किया कि उनके पास भी इस मामले से जुड़े सबूत हैं।
युगम् ने अपने वीडियो में एक और विवादास्पद बयान दिया। उन्होंने कहा कि चंद्रिका की पहचान और व्यवसायिक सफलता में उनका बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “तुझे मैंने बनाया है याद रख।” इस बयान ने सोशल मीडिया पर बहस को और तेज कर दिया है। यह मामला अभी भी चर्चा का विषय बना हुआ है, और दोनों पक्षों के दावों के कारण सोशल मीडिया पर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है।
