यात्री बनकर बस में करते थे चोरी, महोबा पुलिस ने दबोचा; जेवरात और तमंचा बरामद
महोबा में पुलिस ने मैनपुरी के दो ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है जो यात्री बनकर बसों में चोरी करते थे। ये शातिर चोर विभिन्न रूटों में सफर करते थे और मौका पाकर यात्रियों की नकदी, जेवरात व अन्य सामान चुरा लेते थे।
शहर में 28 नवंबर को भी इन लोगों ने एक महिला बस यात्री के साथ घटना को अंजाम दिया था। पीड़िता भागवती ने बताया कि वह रोडवेज बस से ग्राम रिवई जा रही थी। वह बस की सबसे पीछे वाली सीट पर बैठी थी और उसने अपना बैग सीट के नीचे रख दिया था। इसी सीट पर दो युवक पहले से बैठे थे। इन लोगों ने उसका बैग हटाकर अपनी सीट के नीचे कर लिया था। कुछ दूर बस चलने के बाद ये लोग उतरकर चले गए।
शंका होने पर पीड़िता ने किड़ारी फाटक के पास बैग खोलकर देखा तो उसमें रखी एक जोड़ी पायल, बिछिया, रोल्ड गोल्ड का मंगलसूत्र, चेन व दो हजार की नकदी गायब थी। उसकी सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और राजफाश के लिए टीम गठित की।
सीसीटीवी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपितों हेमराज पुत्र रामसिंह बहेलिया व श्रीकृष्ण पुत्र मकरंद बहेलिया निवासीगण नगला ऊसर, थाना कुरावली जनपद मैनपुरी को रोडवेज बस स्टैंड के पीछे से गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से एक सोने की अंगूठी, दो बालियां, एक टाप्स, दो चांदी की बिछिया, दो पायल, एक मंगलसूत्र, एक लाकेट सहित चेन सहित, एक सलाई, 1600 की नकदी के साथ ही दो तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किए गए। प्रभारी निरीक्षक शहर कोतवाली मनीष पांडेय ने बताया कि आरोपितों को जेल भेजा गया है।
