159 करोड़ से UP के 45 पॉलीटेक्निक होंगे हाईटेक, Tata Technologies करेगी upgrade
उत्तर प्रदेश में 45 राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों का कायाकल्प होने जा रहा है। टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (टीटीएल) के सहयोग से इन संस्थानों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। प्रत्येक पॉलीटेक्निक पर 3.57 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी, जिसके लिए प्राविधिक शिक्षा विभाग ने 159 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। इस परियोजना का कुल बजट 318 करोड़ रुपये है, और यह पहली किश्त के रूप में जारी की गई राशि है।
इस उन्नयन से छात्रों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप पढ़ाई और प्रशिक्षण की बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी। टीटीएल के सहयोग से अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी और नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। जिन संस्थानों को उन्नत किया जाएगा, उनमें ललितपुर, जालौन, महोबा, बांदा, हमीरपुर, कानपुर, कानपुर देहात, औरैया, बरेली, हरदोई, गोंडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, अमरोहा, मैनपुरी, बिजनौर, शामली, बुलंदशहर, हाथरस, वाराणसी, चंदौली, आजमगढ़, बलिया, संत कबीर नगर, सोनभद्र, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, झांसी, बदायूं, शाहजहांपुर, लखनऊ, लखीमपुर खीरी, अयोध्या, अमेठी, मुरादाबाद, फिरोजाबाद, गाजीपुर, जौनपुर, मऊ, गोरखपुर, देवरिया और मिर्जापुर शामिल हैं।
इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को बेहतर तकनीकी शिक्षा प्रदान करना है, जिससे वे रोजगार के लिए अधिक योग्य बन सकें और राज्य के औद्योगिक विकास में योगदान दे सकें।
