UP Weather: यूपी में शीतलहर का प्रकोप, रेड अलर्ट जारी; स्कूल बंद, जनजीवन अस्त-व्यस्त
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में ‘कोल्ड डे’ की स्थिति बनी हुई है, जहां बर्फीली हवाओं और शीतलहर के कारण लोग घरों में दुबके रहने को मजबूर हैं। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आगामी 24 घंटों के लिए घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है।
बरेली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर सूरज के दर्शन न होने और पछुआ हवाओं के चलने से गलन और ठिठुरन बनी रही। शहर के प्रमुख चौराहों पर नगर निगम द्वारा अलाव जलाए गए हैं, जहां लोग ठंड से राहत पाने की कोशिश करते दिखे।
घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य हो गई है, जिससे हाईवे और शहर की सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। बस और कार चालकों को दिन में भी फाग लाइट और हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। घने कोहरे के कारण लंबी दूरी की ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से चल रही हैं, वहीं बरेली से मुंबई की हवाई सेवाएं भी प्रभावित रही।
बढ़ती ठंड और घने कोहरे के प्रकोप को देखते हुए पीलीभीत में बीएसए ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर 20 दिसंबर का अवकाश घोषित कर दिया है। यह अवकाश जनपद के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त और सीबीएसई तथा आईसीएसई समेत सभी बोर्ड के स्कूलों पर अनिवार्य रूप से लागू होगा। शाहजहांपुर में भी शीतलहर के कारण पारा पांच डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जहां दृश्यता घटकर 50 मीटर पर पहुंच गई।
