UP SI भर्ती परीक्षा: ‘UP SI exam paper leak’ के दावे पर लखनऊ में FIR दर्ज, टेलीग्राम पर चल रहा था स्कैम
उत्तर प्रदेश में उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 से पहले परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के दावे सामने आए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर कुछ चैनल सक्रिय थे, जो अभ्यर्थियों को 20 हजार रुपये में प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का लालच दे रहे थे। यह मामला तब सामने आया जब भर्ती बोर्ड ने इन गतिविधियों पर निगरानी शुरू की।
भर्ती बोर्ड की शिकायत के आधार पर लखनऊ के हुसैनगंज थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली इस परीक्षा को लेकर टेलीग्राम पर कई चैनल सक्रिय थे। ये चैनल अभ्यर्थियों से संपर्क कर उन्हें परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र देने का झांसा दे रहे थे।
इन चैनलों पर 10 हजार रुपये अग्रिम और 10 हजार रुपये बाद में देने की शर्त रखी गई थी। भुगतान के लिए क्यूआर कोड और बैंक खाते की जानकारी भी साझा की गई थी। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं, आईटी एक्ट और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम-2024 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब इन टेलीग्राम चैनलों के संचालकों की तलाश कर रही है ताकि परीक्षा की शुचिता बनी रहे।
