अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर UP Police news: वामा सारथी ने 14 महिलाओं-बालिकाओं को किया सम्मानित
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन (वामा सारथी) ने पुलिस परिवार की 14 महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित किया। यह सम्मान उन महिलाओं को दिया गया जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस मुख्यालय में किया गया, जिसकी अध्यक्षता एसोसिएशन की अध्यक्ष मीनाक्षी सिंह ने की। मीनाक्षी सिंह, डीजीपी राजीव कृष्ण की पत्नी हैं।
इस सम्मान समारोह में अराजपत्रित पुलिस कर्मियों के परिवार की उन महिलाओं को चुना गया जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है। सम्मानित होने वालों में शामली में तैनात उपनिरीक्षक की पुत्री स्वाति रोझा शामिल थीं, जो एक मोटो व्लॉगर और डिजिटल क्रिएटर हैं। इसके अलावा, महाराजगंज में तैनात निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह की पत्नी खुशबू सिंह को उद्यमिता के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
खेल और विज्ञान के क्षेत्र में भी कई महिलाओं को सम्मान मिला। आगरा में तैनात मुख्य आरक्षी जगवीर सिंह की पुत्री श्रेया सिंह को इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, रेबीज रोग पर विश्वविख्यात ‘लैंसेट’ शोध करने वाली वैज्ञानिक डॉ. पद्मिनी मिश्रा को भी सम्मानित किया गया। वह गोरखपुर में तैनात उपनिरीक्षक विवेक कुमार मिश्रा की पत्नी हैं।
वामा सारथी की अध्यक्ष मीनाक्षी सिंह ने कहा कि यूपी पुलिस परिवार के लिए यह गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि सम्मानित हुई महिलाओं की उपलब्धियां केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि समाज की हर बेटी, हर मां और हर महिला के लिए एक प्रकाशस्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि इन महिलाओं की सफलताएं उपलब्धियां अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
