किताबें पढ़ो, सोशल मीडिया से दूरी बनाओ: CM Yogi ने बच्चों को दी सलाह, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन के दौरान प्रदेश भर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर समस्या का निस्तारण समय सीमा के अंदर सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अभिभावकों के साथ आए बच्चों से भी बातचीत की और उन्हें महत्वपूर्ण सलाह दी।
बच्चों से बोले CM Yogi: सोशल मीडिया का कम इस्तेमाल करो
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट दी और उनसे पढ़ाई के बारे में पूछा। उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि वे किताबें पढ़ें और सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग न करें। सीएम ने कहा कि सोशल मीडिया का प्रयोग उतना ही करो, जितनी जरूरत है, इसका अत्यधिक प्रयोग घातक है। उन्होंने बच्चों को मोबाइल के ज्यादा इस्तेमाल से बचने की भी सलाह दी।
उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुलझाएं हल
जनता दर्शन में दो उद्यमियों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। सीएम योगी ने संबंधित विभागों, विशेषकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) और जिला प्रशासन को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश का बेहतरीन इकोसिस्टम तैयार किया गया है और सरकार ने पारदर्शी व्यवस्थाएं लागू की हैं। उद्यमियों की परेशानी को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि निवेश और उद्योग विकास में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासन से जुड़ी शिकायतों पर भी गंभीरता दिखाई। कासगंज से आए एक पीड़ित ने पुलिस कार्रवाई में देरी की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षक को मामले का संज्ञान लेते हुए समयबद्ध निराकरण का निर्देश दिया। अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायत पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया और कहा कि ऐसे मामले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने पीड़ित को आश्वस्त किया कि नियमानुसार तत्काल कार्रवाई होगी।
