UP News: भर्ती परीक्षाओं में जाति-पंथ पर टिप्पणी बर्दाश्त नहीं, CM योगी का सख्त निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की भर्ती परीक्षाओं के प्रश्न पत्रों में विवादित सामग्री को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। हाल ही में दरोगा भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्र में जाति और संप्रदाय से जुड़ी अमर्यादित टिप्पणी सामने आने के बाद यह विवाद खड़ा हुआ था। सीएम योगी ने सभी भर्ती बोर्डों के अध्यक्षों को निर्देश दिया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ या संप्रदाय की मर्यादा और आस्था के विषय में अमर्यादित टिप्पणी स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों को इस विषय का संज्ञान लेना चाहिए और सभी पेपर सेटर्स को निर्देशित करना चाहिए। सीएम ने यह भी कहा कि आदतन अपराध करने वालों को तत्काल प्रतिबंधित किया जाए और यह विषय पेपर सेटर्स के एमओयू (समझौता ज्ञापन) का हिस्सा बनाया जाए।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुई बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का भी संज्ञान लिया। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे फील्ड में जाकर किसानों से संवाद करें और उनकी फसलों के नुकसान का आकलन करें। सीएम ने राहत आयुक्त को भी निर्देश दिया कि वे फील्ड अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करें और समय पर मुआवजे के वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
