Kanpur gas connection: 9 महीने से सिलेंडर नहीं लेने वाले 1.5 लाख कनेक्शन बंद, जानिए क्या है नया नियम
कानपुर में घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ा अपडेट सामने आया है। शहर में 1.5 लाख ऐसे उपभोक्ताओं के कनेक्शन बंद कर दिए गए हैं, जिन्होंने पिछले नौ महीनों से अपने घरेलू सिलेंडर की बुकिंग नहीं कराई थी। यह कार्रवाई शनिवार रात को की गई, जिससे बड़ी संख्या में उपभोक्ता प्रभावित हुए हैं।
गैस वितरक संघ के संरक्षक भारतीश मिश्रा ने बताया कि यह कदम निष्क्रिय खातों को हटाने के लिए उठाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन उपभोक्ताओं के पास पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन पहले से मौजूद है, वे अब अपने घरेलू गैस सिलेंडर कनेक्शन को दोबारा चालू नहीं करा पाएंगे।
हालांकि, जिन उपभोक्ताओं के पास पीएनजी कनेक्शन नहीं है और वे नौ महीने से निष्क्रिय थे, वे ई-केवाईसी (e-KYC) और एक शपथपत्र जमा करके अपने कनेक्शन को दोबारा चालू करा सकते हैं। इस कार्रवाई के पीछे मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष के कारण संभावित गैस संकट की आशंका भी बताई जा रही है, जिसके चलते एजेंसियों ने निष्क्रिय खातों की पड़ताल की है। अब उपभोक्ता पीएनजी और घरेलू गैस दोनों का उपयोग एकसाथ नहीं कर सकेंगे।
