UP government news: मृतक आश्रितों को नौकरी के लिए ऑनलाइन आवेदन, मानव संपदा पोर्टल पर शुरू हुई प्रक्रिया
उत्तर प्रदेश सरकार ने मृतक आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब इन नियुक्तियों के लिए आवेदन मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन लिए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य है कि इस नई व्यवस्था से मृतक आश्रितों को जल्द से जल्द नौकरी मिल सके।
प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम देवराज ने इस संबंध में सभी विभागों को शासनादेश जारी कर दिया है। शासनादेश के मुताबिक, 31 मई 2026 तक मृतक आश्रित कोटे पर अनुकंपा नियुक्तियों पर विचार करते हुए पूरा किया जाएगा। नियुक्ति आदेश ई-मेल और वाट्सएप पर भी भेजे जाएंगे, जिससे प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
नई ऑनलाइन प्रक्रिया क्या है?
मानव संपदा पोर्टल पर मृतक आश्रित सेवायोजन मॉड्यूल एनआईसी द्वारा तैयार किया गया है। इस प्रणाली को शुरू करने के लिए प्रत्येक संबंधित कार्यालय, निदेशालय को अपने ऑफिस एडमिन आईडी द्वारा मृतक आश्रित नियुक्त के काम के लिए पहले चरण, मंजूर और आदेश अधिकारी नामित करने होंगे। यह काम ऑफिस एडमिनिस्ट्रेशन मीनू के अंतर्गत सर्विस, एक्टिविटी वर्क लोकेशन ऑप्शन के द्वारा किया जाएगा।
इस प्रणाली के तहत, आवेदक द्वारा प्रस्तुत आवेदन मृतक के अंतिम रिपोर्टिंग कार्यालय में भेजे जाएंगे। संबंधित अधिकारी की आईडी पर आवेदन दिखाई देगा, जिस पर वह आवश्यक कार्रवाई करेगा। प्रथम स्तरीय अधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र सत्यापन किया जाएगा और अगर कोई गलती मिलती है तो उसे सुधारने के लिए प्रश्न चिह्न लगाते हुए एडिट किया जाएगा। इस तरह प्रक्रिया पूरी करते हुए नियुक्ति दी जाएगी।
