UP crime news: रकराना में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, पुलिस पर भी हमला; 31 पर केस दर्ज
उत्तर प्रदेश के पिसावा क्षेत्र के रकराना गांव में एक मामूली विवाद ने दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। यह घटना तब हुई जब गांव में फूलडोल मेला चल रहा था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और फावड़े से हमला कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला किया गया, जिसमें थानाध्यक्ष रेखा गोस्वामी घायल हो गईं।
पुलिस के अनुसार, यह विवाद करीब 15 दिन पहले शुरू हुआ था, जब सौरव और विनीत की मोटरसाइकिल का हैंडल रास्ते में केशव की मां को छू गया था। इस बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। गुरुवार को मेले के दौरान केशव ने मौका पाकर अपने साथियों के साथ सौरव और विनीत पर हमला कर दिया।
जब पुलिस टीम ने जब मौके पर पहुंचकर झगड़ा शांत कराने और कुछ लोगों को हिरासत में लेने की कोशिश की, तो एक पक्ष ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस पर हमला कर दिया। इस दौरान थानाध्यक्ष गिर गईं और उन्हें चोटें आईं।
पुलिस ने इस मामले में 21 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में सौरभ, विनीत, सोनू, आकाश, योगेश, मुकेश, दिनेश कुमार, केशव, राजकुमार, विजय, उपेंद्र, निशांत, सोनू, राजेश, हिमांशु, हीरा, शिवम, अंकित, बलजीत, कुंवरपाल और राहुल शामिल हैं। इन पर सरकारी कार्य में बाधा, जानलेवा हमला और पथराव जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने शिवम और आकाश को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
