उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, पिता और दो बच्चों की मौत | unnao news
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघते हुए सामने से आ रही ट्रैवलर से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में कार सवार सचिवालय कर्मी और उसके दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इस दुर्घटना के बाद हाइवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे बांगरमऊ थाना क्षेत्र के सिरघर गांव के पास हुआ। मृतक की पहचान लखनऊ सचिवालय में दीवान पद पर तैनात 35 वर्षीय राघवेंद्र सिंह के रूप में हुई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार उरई में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस लौट रहा था। वहीं दूसरी ओर, ट्रैवलर गाड़ी में सवार यात्री महाकुंभ, काशी और अयोध्या के दर्शन कर वापस दिल्ली लौट रहे थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और ट्रैवलर भी हाइवे पर पलट गया। हादसे की चपेट में आने से ट्रैवलर में सवार करीब 25 श्रद्धालु घायल हो गए। चीख-पुकार की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। इस प्रकार की सड़क दुर्घटनाओं से एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और सुरक्षा उपायों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
