सीएमएस शिक्षकों को बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों पर प्रशिक्षण, नई शिक्षा नीति पर जोर
सिटी मोंटेसरी स्कूल (सीएमएस) में आयोजित आठ दिवसीय इन सर्विस टीचर्स ट्रेनिंग वर्कशॉप का समापन हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को शैक्षिक मानदंडों के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवीन विकास और अभिनव प्रयोगों से परिचित कराना था। कार्यशालाओं के माध्यम से शिक्षकों को बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया।
शिक्षकों को बच्चों से जुड़े कई संवेदनशील और जरूरी कानूनी विषयों की जानकारी सरल भाषा में दी गई, ताकि वे कक्षा में इन मुद्दों को प्रभावी ढंग से संबोधित कर सकें। यह प्रशिक्षण बच्चों के समग्र विकास और सुरक्षित शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सीएमएस राजाजीपुरम प्रथम कैम्पस, गोमती नगर प्रथम कैम्पस, गोमती नगर एक्सटेंशन कैम्पस एवं कानपुर रोड कैम्पस में विभिन्न विषयों पर आयोजित इन कार्यशालाओं में प्री-प्राइमरी से लेकर सीनियर सेक्शन तक के दो हजार से अधिक शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सीएमएस की संस्थापिका-निदेशिका डॉ. भारती गांधी ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने इस कार्यशाला से बहुत कुछ सीखा है।
