0

विदिशा में दर्दनाक Road Accident, जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे 3 दोस्तों की मौत

By Dec 29, 2025

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। यह हादसा कुरवाई थाना क्षेत्र में हुआ, जहां जन्मदिन की पार्टी मनाकर लौट रहे छह दोस्त एक कार में सवार थे। रात करीब डेढ़ बजे उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक डंपर में पीछे से जा घुसी।

हादसे में 19 वर्षीय तन्मय शर्मा, 21 वर्षीय अंकित साहू और 30 वर्षीय जगदीश साहू की मौके पर ही मौत हो गई। तन्मय शर्मा का जन्मदिन था और वह अपने दोस्तों के साथ पार्टी मनाने गया था। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा डंपर के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गया।

हादसे की सूचना मिलते ही कुरवाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को जेसीबी मशीन का सहारा लेना पड़ा। कार की सीटों को काटकर शवों को बाहर निकाला गया।

पुलिस के अनुसार, हादसे में जगदीश गोंड, मोंटी अहिरवार और तन्मय श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तत्काल कुरवाई अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए विदिशा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मृतक तन्मय शर्मा कुरवाई के वार्ड नंबर 5 का निवासी था और फर्स्ट ईयर का छात्र था। उसके पिता मजदूरी करते हैं और मां एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती हैं। हादसे में जान गंवाने वाले जगदीश साहू कार चला रहे थे और उनकी अपनी दुकान थी, जबकि अंकित साहू साहू प्राइवेट नौकरी करता था।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें