कानपुर देहात के अस्पताल में 2 घंटे बिजली गुल, Mobile टॉर्च की रोशनी में हुआ इलाज, मरीज बेहाल
कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित जिला अस्पताल में शुक्रवार रात को अव्यवस्था का आलम देखने को मिला। रात पौने 10 बजे अस्पताल की बिजली गुल हो गई, जो करीब दो घंटे तक नहीं आई। भीषण गर्मी के बीच जनरेटर भी नहीं चलाया गया, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इमरजेंसी वार्ड में मोबाइल टॉर्च की रोशनी में मरीजों को वीगो लगाए गए और ड्रिप चढ़ाई गई।
अस्पताल में इन दिनों गर्मी से संबंधित बीमारियों जैसे उल्टी-दस्त, बुखार और हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या काफी अधिक है। प्रतिदिन 1000 से 1200 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में बिजली गुल होने से भर्ती मरीजों की मुश्किलें बढ़ गईं। ट्रामा सेंटर और जनरल वार्ड में भर्ती मरीज पसीने से तरबतर हो गए और गर्मी से बेचैन रहे।
इस दौरान अस्पताल प्रशासन की लापरवाही भी सामने आई। जनरेटर ऑपरेटर अपने घर में सोता रहा, जबकि प्राचार्य और सीएमएस समेत अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के फोन भी बंद रहे। तीमारदारों ने बताया कि उन्होंने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। मजबूरन तीमारदार अपने मरीजों को लेकर वार्डों से बाहर आकर बिजली आने का इंतजार करते रहे। करीब पौने 12 बजे बिजली आने के बाद ही मरीजों को राहत मिली।
