आगरा में बन रहा उत्तर प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो पुल, इंजीनियरिंग का दिखेगा खास कमाल | agra news
उत्तर प्रदेश के ताजनगरी आगरा में मेट्रो परियोजना के तहत एक नया और जटिल इंजीनियरिंग कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। एमजी रोड पर स्थित रावली पुलिया के पास प्रदेश का दूसरा सबसे लंबा 60 मीटर का मेट्रो पुल आकार ले रहा है। इस अनोखे निर्माण की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि घनी आबादी और पहले से मौजूद भूमिगत उपयोगिताओं के बीच बिना किसी तोड़फोड़ के इसे तैयार किया जा रहा है।
सामान्य परिस्थितियों में मेट्रो के दो पिलरों के बीच की दूरी 28 मीटर रखी जाती है, लेकिन रावली पुलिया पर विशेष भौगोलिक स्थिति और अत्यधिक गहराई वाले रेलवे ट्रैक तथा सीवर लाइनों के कारण इस दूरी को बढ़ाकर 60 मीटर किया गया है। परियोजना की सफलता के लिए फरीदाबाद में विशेष तौर पर भारी-भरकम स्टील गर्डर तैयार कराए गए हैं, जिनका कुल वजन 360 टन और लंबाई 60 मीटर है। इस तरह की तकनीकी का इस्तेमाल इससे पहले केवल लखनऊ मेट्रो में किया गया था।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन के अधिकारियों के अनुसार, इस विशाल गर्डर को स्थापित करने के लिए नई दिल्ली से विशेष क्रेन मंगाई गई हैं। आगामी दस नवंबर को क्रेन और पुश जैक तकनीक के माध्यम से गर्डर को तय स्थान पर रखा जाएगा। इस प्रक्रिया के दौरान एमजी रोड पर कुछ घंटों के लिए यातायात को नियंत्रित किया जाएगा ताकि स्थानीय नागरिकों को कम से कम असुविधा हो। इसके बाद हरीपर्वत पुलिया और भगवान टाकीज चौराहा पर भी इसी तर्ज पर बड़े गर्डर पुल बनाए जाने की योजना है।
