सब जूनियर जूडो प्रतियोगिता: मेरठ के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, बने विजेता
लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में तीन दिवसीय समन्वय सब जूनियर राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को हुआ, जिसमें मेरठ के खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया। मेरठ की टीम ने सबसे अधिक स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया, जबकि सहारनपुर की टीम उपविजेता बनकर उभरी।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि अधिवक्ता उत्तर प्रदेश सरकार विनोद कुमार शाही ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त अपर मुख्य सचिव महेश गुप्ता, खेल उप निदेशक मुद्रिका पाठक, उत्तर प्रदेश जूडो संघ के अध्यक्ष सुधीर हलवासिया और सचिव मुनव्वर अंजार भी मौजूद रहे।
बालक वर्ग में 30 किग्रा में सागर (मेरठ), 55 किग्रा में शुभ शर्मा (मेरठ), 66 किग्रा में लक्ष्य त्यागी (मेरठ) और 66 किग्रा से अधिक भार वर्ग में अर्श मलिक (प्रयागराज) ने स्वर्ण पदक जीते। बालिका वर्ग में 40 किग्रा में आराध्या भारद्वाज (मेरठ), 44 किग्रा में भूमि (मेरठ) और 57 किग्रा में नव्या (मेरठ) ने स्वर्ण पदक हासिल किए। इस प्रतियोगिता ने प्रदेश भर से आए युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।
