बिहार में राजस्व सेवाओं पर सख्ती, डिप्टी CM विजय सिन्हा ने CO को दिया 15 दिन का अल्टीमेटम; Lakhisarai बनेगा मॉडल जिला
बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय में भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान, उन्होंने अंचल अधिकारियों (CO) को राजस्व सेवाओं में सुधार के लिए 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। यह निर्देश लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन और खराब रैंकिंग में सुधार लाने के लिए दिया गया है।
उपमुख्यमंत्री सिन्हा ने स्पष्ट किया कि नए साल के पहले माह में सभी अंचल अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा दोबारा की जाएगी। इस सख्ती के बाद जिले में राजस्व सेवाओं में सुधार की उम्मीद जगी है। प्रधान सचिव सीके अनिल ने लखीसराय को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की कार्यप्रणाली में व्यापक बदलाव लाने के लिए मॉडल जिला बनाने की घोषणा की है।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पिछले चार माह के दौरान दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस समेत अन्य राजस्व सेवाओं के आवेदनों के लंबित रहने के कारण जिले के अधिकांश अंचलों की रैंकिंग में गिरावट आई है। अक्टूबर 2025 की रैंकिंग में लखीसराय जिले की समग्र रैंकिंग राज्य में 34वें स्थान पर थी। लखीसराय अंचल का राज्य स्तर पर 524वां, पिपरिया अंचल का 502वां तथा चानन अंचल का 452वां स्थान रहा है।
