सुप्रीम कोर्ट के आदेश से Aligarh में हड़कंप, आवासीय कॉलोनियों में अवैध व्यवसायिक निर्माण पर होगी कार्रवाई
अलीगढ़ शहर में आवासीय कॉलोनियों को अवैध रूप से व्यवसायिक क्षेत्रों में बदलने का चलन तेजी से बढ़ा है। अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (ADA) द्वारा विकसित की गई अवंतिका कॉलोनी और स्वर्ण जयंती नगर जैसी प्रमुख आवासीय योजनाओं में भी नियमों का उल्लंघन कर व्यवसायिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इन कॉलोनियों में आवासीय भवनों में सैलून, अस्पताल, बैंक और शोरूम खोल दिए गए हैं, जिससे शहरी नियोजन और निवासियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने देशभर में आवासीय इलाकों के अवैध व्यवसायिक उपयोग पर कड़ा रुख अपनाया है। कोर्ट ने टिप्पणी की है कि बिना अनुमति के ऐसे बदलाव न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि उन निवासियों के लिए भी परेशानी का सबब बनते हैं जिन्होंने घर बनाने में पैसा लगाया है। कोर्ट ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ऐसे मामलों की जांच करने का आदेश दिया है।
सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश के बाद अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (ADA) हरकत में आ गया है। प्राधिकरण ने महायोजना 2031 के तहत निर्धारित भू-उपयोग के विपरीत चल रही गतिविधियों की जांच के लिए सर्वे कराने का निर्णय लिया है। पूर्व में भी ADA ने स्वर्ण जयंती नगर में सर्वे कराया था और एक दर्जन से अधिक लोगों को नोटिस जारी किए थे। हालांकि, संतोषजनक जवाब न मिलने पर इन मामलों को सीजेएम कोर्ट में ले जाया गया था। अब नए सिरे से सर्वे और कार्रवाई की तैयारी की जा रही है, जिससे अवैध व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर गाज गिर सकती है।
