लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ट्रक से टकराई, पांच लोगों की दर्दनाक मौत | unnao accident
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से गुजरने वाले लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। दिल्ली से अयोध्या की ओर जा रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो कार ने आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
इस भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई है। मृतकों में चार लोग अयोध्या के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जिनकी पहचान वैभव पांडे, मनोज सिंह, अमित तिवारी और अनुज पांडे के रूप में हुई है। वहीं, पांचवें मृतक की पहचान बस्ती निवासी महेंद्र सिंह के रूप में हुई है। हादसे के वक्त कार में कुल लोग सवार थे, जिनमें से गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण वाहन की अत्यधिक रफ्तार और ड्राइवर को झपकी आना माना जा रहा है। टक्कर के बाद ट्रक चालक अपने वाहन समेत मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे इन सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
