हमीरपुर में प्रधान पति से रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया सचिव, CSC निर्माण भुगतान का मामला
हमीरपुर के सुमेरपुर विकासखंड की बदनपुर ग्राम पंचायत में जन सेवा केंद्र (CSC) के निर्माण के लिए आवंटित धनराशि के भुगतान के एवज में रिश्वत मांगने वाले सचिव शिवशंकर पाल को एंटीकरप्शन टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है। यह पूरा मामला तब सामने आया जब ग्राम प्रधान के पति अजयपाल साहू ने सचिव द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत एंटीकरप्शन टीम से की।
भुगतान के लिए रिश्वत की मांग
बदनपुर ग्राम पंचायत में CSC निर्माण के लिए शासन से 1.25 लाख रुपये आवंटित किए गए थे। निर्माण कार्य ग्राम प्रधान ने अपने खर्चे पर पूरा कराया, लेकिन भुगतान के लिए पंचायत सचिव आनाकानी कर रहा था। जब प्रधान ने भुगतान के लिए दबाव बनाया तो सचिव ने राशि का 30 प्रतिशत हिस्सा रिश्वत के तौर पर मांगा। प्रधान द्वारा विरोध करने पर भी सचिव अपनी मांग पर अड़ा रहा।
एंटीकरप्शन की कार्रवाई
परेशान होकर प्रधान के पति ने एंटीकरप्शन टीम से संपर्क किया। बुधवार को बांदा से आई एंटीकरप्शन टीम ने प्रधान पति को केमिकल लगे 10 हजार रुपये दिए और सचिव को सौंपने को कहा। जैसे ही सचिव ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित सचिव के खिलाफ मौदहा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है और उसे बांदा ले जाया गया है। इस कार्रवाई से अन्य सचिवों में हड़कंप मच गया है।
