आसाराम की मेडिकल रिपोर्ट की जांच करेगा SC, अंतरिम जमानत पर फैसला
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को राजस्थान सरकार को निर्देश दिया कि वह रेप के दोषी आसाराम बापू की मेडिकल रिपोर्ट की जांच करे। कोर्ट यह पता लगाना चाहता है कि क्या उनकी मौजूदा सेहत के आधार पर उन्हें अंतरिम जमानत दी जा सकती है। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की बेंच ने कहा कि वह राज्य सरकार के मूल्यांकन के आधार पर ही फैसला करेगी।
बेंच ने सरकार से इस मामले पर सावधानी से विचार करने को कहा। बेंच ने कहा कि अगर आसाराम की हालत बहुत गंभीर है तो कोर्ट नहीं चाहता कि उन पर या राज्य सरकार पर कोई आरोप लगे। बेंच ने सरकार से 21 जुलाई तक जवाब देने को कहा। आसाराम के वकील ने बेंच को बताया कि उनकी सेहत बहुत खराब है और उन्हें खतरा है।
सुनवाई के दौरान राजस्थान सरकार की ओर से पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि आसाराम पूरी तरह ठीक हैं और तीन महीने पहले ही अयोध्या और काशी गए थे। उन्होंने बताया कि पेट की समस्या की वजह से थोड़ी ब्लीडिंग हो रही है, जिसके लिए वह दवा ले रहे हैं। बेंच ने मेहता से सही निर्देश लेने को कहा क्योंकि वे नहीं चाहते कि उनके साथ कोई अनहोनी हो।
सुप्रीम कोर्ट आसाराम की उस याचिका पर सुनवाई कर रहा था, जिसमें उन्होंने राजस्थान हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें 2013 में जोधपुर में एक नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न के मामले में उनकी सजा को बरकरार रखा गया था। उन्होंने अपनी अपील लंबित रहने तक अंतरिम जमानत की भी मांग की थी।
