धरती माता बचाओ समिति: सीडीओ ने ग्राम पंचायत स्तर पर समिति बनाने पर दिया जोर, उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर फोकस
जनपद स्तरीय धरती माता बचाओ समिति की बैठक में कृषि अधिकारियों ने किसानों को उर्वरकों के संतुलित व विवेकपूर्ण उपयोग के बारे में जागरूक किया। बुधवार को सीडीओ वीरेंद्र सिंह ने बैठक में ग्राम पंचायत स्तर पर धरती माता बचाओ समिति बनाने पर जोर दिया। जिला कृषि अधिकारी डा. अवधेश मिश्र ने जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता के बारे में जानकारी भी दी।
सीडीओ वीरेंद्र सिंह ने कहा कि समस्त उर्वरक विक्रेताओं को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसानों की आवश्यकता के अनुसार पॉस मशीन से ही निर्धारित मानक के तहत उर्वरक का वितरण शासन द्वारा निर्धारित मूल्य पर किया जाए। किसी भी उर्वरक के साथ किसी अन्य उत्पाद की जबरदस्ती बिक्री अथवा टैगिंग ना की जाए। किसानों को फसल के अनुसार संस्तुत उर्वरक की मात्रा के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग की जानकारी भी दें।
रासायनिक उर्वरकों के साथ-साथ कंपोस्ट और अन्य कार्बनिक खादों के प्रयोग के लिए किसानों को प्रेरित किया जाए। सीडीओ ने ग्राम स्तर पर धरती माता बचाओ समिति बनने के निर्देश दिए। जिला कृषि अधिकारी डा. अवधेश मिश्र ने जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी दी। समीक्षा बैठक में प्रमुख रूप से सहायक आयुक्त निबंधक, सहकारिता महेंद्र सिंह, जिला गन्ना अधिकारी ओमप्रकाश, जिला पंचायत राज अधिकारी देवेंद्र सिंह, कृषि वैज्ञानिक अंकित सिंह भदौरिया समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
