33 हजार की सैलरी, 30 हजार का ब्याज! सूदखोरों के जाल में फंसा फाइनेंसकर्मी, खुद को गोली मारकर दी जान
आगरा में कर्ज और ब्याज के बोझ से परेशान होकर एक फाइनेंसकर्मी ने बुधवार शाम आत्महत्या करने की कोशिश की। बजाज फाइनेंस कंपनी में कार्यरत राहुल राठौर ने खुद को कनपटी पर तमंचे से गोली मार ली। घटना से पहले, राहुल ने अपने बड़े भाई विवेक को वाट्सएप पर अपनी लोकेशन भेजी और आत्महत्या करने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां राहुल खून से लथपथ मिले। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
राहुल के भाई विवेक राठौर ने बताया कि राहुल की सैलरी 33 हजार रुपये थी, लेकिन उसने सूदखोरों से 5 लाख रुपये उधार लिए थे। उसे हर महीने 30 हजार रुपये ब्याज देना पड़ता था, जिससे उसके पास केवल 3 हजार रुपये बचते थे। इस वजह से उसका गुजारा मुश्किल हो रहा था और सूदखोर भी लगातार उसे परेशान कर रहे थे। राहुल की फरवरी में शादी होनी थी।
जांच में पता चला है कि राहुल ने घटना से पहले एक परिचित से ढाई हजार रुपये में तमंचा खरीदा था। पुलिस अब सूदखोरों और तमंचा बेचने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है। एसीपी। एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि घटना के संबंध में जांच की जा रही है।
