जर्मनी में रोबोट ने की लड़की के साथ आपत्तिजनक हरकत, पुलिस ने किया जब्त | international news
तकनीक के इस दौर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रोबोटिक्स इंसानों की मदद के लिए जाने जाते हैं, लेकिन जर्मनी के कोलोन शहर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सुरक्षा एजेंसियों को भी हैरान कर दिया है। यहाँ एक रोबोट द्वारा एक युवती के साथ अभद्रता किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उस रोबोट को अपने कब्जे में ले लिया है। यह घटना तकनीक के दुरुपयोग और संभावित सुरक्षा जोखिमों पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना कोलोन शहर के एक फास्ट-फूड रेस्टोरेंट के बाहर हुई। घटना के समय पीड़िता अपनी दो सहेलियों के साथ वहाँ मौजूद थी। लगभग पौने बारह बजे के आसपास, लाल और सुनहरे रंग का करीब 1.20 मीटर लंबा रोबोट अचानक पीछे से आया और युवती के साथ आपत्तिजनक हरकतें करने लगा। इस अप्रत्याशित घटना से वहाँ मौजूद युवतियां सहम गईं और तुरंत इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस से की गई।
मामले की गहराई से जांच कर रहे अधिकारियों का ध्यान इस बात पर है कि आखिर रोबोट ने इस तरह की हरकत कैसे की। पुलिस को संदेह है कि इस घटना के पीछे 16 साल के रोबोट मालिक और उसके 19 साल के साथी का हाथ हो सकता है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि संदिग्धों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया और इसे सोशल मीडिया पर लाइवस्ट्रीम भी किया। इस दौरान दोनों पर रोबोट की गतिविधियों को रिमोट के जरिए संचालित करने और लाइव कमेंट्री करने का भी आरोप है।
शिकायत मिलने के तुरंत बाद हरकत में आई पुलिस ने पास ही खड़े संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान रोबोट को एक कार की डिक्की में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने रोबोट के साथ-साथ आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। फिलहाल, अधिकारियों का पूरा फोकस इस तकनीकी पहलू को समझने पर है कि क्या रोबोट को किसी ने जानबूझकर इस कुकृत्य के लिए प्रोग्राम किया था या इसे लाइव रिमोट से कंट्रोल किया जा रहा था। इस अनोखे मामले में यौन उत्पीड़न और बदसलूकी की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
