त्योहार से पहले रसोई का बजट बिगड़ा, आगरा में आठ दिन में 10 रुपये महंगी हुई चीनी | agra news
आगामी त्योहारों और शादियों के सीजन को देखते हुए उत्तर प्रदेश के आगरा में चीनी के दामों में भारी तेजी दर्ज की गई है। महज आठ दिनों के भीतर चीनी की कीमतों में 10 रुपये प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम जनता की मुश्किलें बढ़ गई हैं। थोक बाजार में चीनी 57 से 58 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रही है, जबकि फुटकर बाजारों में स्थिति और भी महंगी है।
पचकुइयां और आवास विकास जैसे स्थानीय बाजारों में खुदरा व्यापारी चीनी को 60 से लेकर 70 रुपये प्रति किलो तक बेच रहे हैं। अचानक हुए इस दाम इजाफे ने आम आदमी की जेब पर सीधा असर डाला है। गृहिणियों का कहना है कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे परिवारों के लिए त्योहारों के समय रसोई चलाना अब और भी मुश्किल हो गया है।
व्यापारिक संगठनों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयात-निर्यात प्रभावित होने, देश के कुछ राज्यों में कम बारिश के कारण गन्ने की फसल को नुकसान और एथिलॉल उत्पादन में गन्ने के उपयोग जैसी वजहों से सप्लाई चेन पर असर पड़ा है। इसके अलावा, त्योहारी मांग बढ़ने के कारण कीमतों में यह उछाल देखा जा रहा है। यदि यही रुख जारी रहा, तो दीपावली तक फुटकर बाजार में चीनी के दाम और ऊपर जा सकते हैं, जिससे आम जनता की चिंताएं और अधिक बढ़ गई हैं।
