1.5 करोड़ का सोना लेकर भागा कारीगर का रिश्तेदार महाराष्ट्र से गिरफ्तार, Tata Harrier बरामद
कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक ज्वैलरी शॉप से 1.70 किलोग्राम सोना लेकर भागे कारीगर के रिश्तेदार को पुलिस ने महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 115 ग्राम सोना और एक टाटा हैरियर गाड़ी बरामद की गई है। पूछताछ में पता चला है कि उसने सोना बेचकर यह गाड़ी खरीदी थी। इस घटना में अब तक दो आरोपियों को पकड़ा जा चुका है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है। पुलिस ने कुल 375 ग्राम सोना बरामद किया है।
यह मामला तब सामने आया जब श्री ज्वैलर्स के मालिक ने 25 जुलाई 2025 को अपने कारीगर सूरज आनंदा सकट के खिलाफ गबन का मुकदमा दर्ज कराया था। मालिक ने बताया था कि गलाई के लिए आया 1.70 किलोग्राम सोना गलाई के बाद कारीगर सूरज लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने 4 सितंबर 2025 को सूरज को गिरफ्तार किया था, जिसके पास से 250 ग्राम सोना बरामद हुआ था।
पूछताछ के दौरान सूरज ने अपने फुफेरे भाई दिलीप फूलचंद वायंदडे का नाम बताया, जो महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले का निवासी है। पुलिस ने दिलीप को उसके गांव बेलवंडी से गिरफ्तार किया। दिलीप ने बताया कि वारदात के बाद सूरज उसके गांव आया था और कुछ दिन रुका था। उसने सूरज से कुछ सोना लिया था, जिसमें से कुछ उसने बेच दिया और उससे टाटा हैरियर गाड़ी खरीदी। पुलिस ने दिलीप की निशानदेही पर 115 ग्राम सोना और उसकी गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। पुलिस इस गाड़ी को जब्त करेगी क्योंकि इसे गबन के सोने की रकम से खरीदा गया था।
पुलिस के अनुसार, अभी एक और आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। उससे भी कुछ माल मिलने की संभावना है। हालांकि घटना का खुलासा हो चुका है, लेकिन बरामदगी अभी पूरी नहीं हुई है, जिससे पीड़ित व्यापारी परेशान है। इस घटना से सोने की शुद्धता और सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
