रुपया ऐतिहासिक गिरावट पर, डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर
नई दिल्ली। भारतीय रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 32 पैसे की भारी गिरावट के साथ 89.85 के सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर की बढ़ती मांग और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) द्वारा पूंजी की निरंतर निकासी ने रुपये पर दबाव बढ़ाया है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 89.70 पर खुला और जल्द ही 89.85 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया, जो पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 32 पैसे की गिरावट को दर्शाता है। सोमवार को रुपया दिन के कारोबार में 89.79 के स्तर तक गिरने के बाद 89.53 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 99.41 पर स्थिर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में भी गिरावट का रुख देखा गया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 223.84 अंक या 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 85,418.06 अंक पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 59 अंक या 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 26,116.75 अंक पर फिसल गया।
विश्लेषकों का मानना है कि रुपये में इस तीव्र गिरावट का मुख्य कारण भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से बिना किसी समर्थन के विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) द्वारा की जा रही बिकवाली और एनडीएफ (गैर-डिलीवरेबल फॉरवर्ड) एक्सपायरी कवरिंग है। सूत्रों के अनुसार, इस बात की भी संभावना है कि आरबीआई ने रुपये को 90 के स्तर से नीचे जाने से रोकने के लिए बाजार में डॉलर बेचे हों। सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुद्ध रूप से 1,171.31 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे, जिसने रुपये पर अतिरिक्त दबाव डाला। कच्चे तेल की बात करें तो अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.03 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 63.15 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था।
चेक-इन सिस्टम ठप होने से एयरपोर्ट्स पर फ्लाइट्स में देरी, यात्रियों को हुई परेशानी
देश में 811 लोगों पर एक डॉक्टर: स्वास्थ्य मंत्री ने संसद में पेश किए आंकड़े
सिस्टम खराबी से एयर इंडिया की उड़ानें प्रभावित, यात्रियों को हो रही परेशानी
निहाल विहार डकैती का दिल्ली पुलिस ने किया खुलासा, सात आरोपी गिरफ्तार
पुतिन की भारत यात्रा: व्यापार, आर्थिक साझेदारी पर होगी चर्चा
घरेलू क्रिकेट में लौटेंगे विराट कोहली, विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने का लिया निर्णय
नुमालीगढ़ रिफाइनरी को नवरत्न का दर्जा, कारोबार 25 हजार करोड़ पार
पांच वर्षों में 23 संगठन प्रतिबंधित, सिमी और पीएफआई प्रमुख
