राम मंदिर चंदे पर सवाल: ब्रजेश पाठक का पलटवार, धन्नीपुर मस्जिद चंदे का हिसाब कौन देगा?
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बाराबंकी में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। राम मंदिर निर्माण के लिए मिले चंदे पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों के जवाब में उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि धन्नीपुर में मस्जिद के लिए आवंटित जमीन पर भी चंदा इकट्ठा हुआ था, उसका हिसाब कौन देगा? उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि देश भर में चल रहे मदरसों की फंडिंग कहां से आ रही है, इस पर विपक्ष कभी प्रश्न नहीं उठाता, जबकि मदरसों में गलत और अवैध कृत्यों की खबरें अक्सर आती रहती हैं।
उपमुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर तुष्टीकरण और वोट की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के प्रति उनकी चिंता केवल दिखावा है, क्योंकि यही लोग अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के समय विरोध कर रहे थे और कोर्ट में भगवान राम के जन्मस्थान पर सवाल उठा रहे थे।
उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की परिभाषा बदलने पर भी टिप्पणी की। पाठक ने कहा कि यह केवल मुस्लिम तुष्टीकरण है और मौलानाओं के नाम पर वोट मांगना गलत है। इसके विपरीत, उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की नीति और प्रधानमंत्री मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं के माध्यम से प्रदेश और देश को आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की।
