सोशल मीडिया पर ‘जहरीली’ पोस्ट डालना पड़ा भारी, हरियाणा पुलिस ने कौशांबी से दबोचा भाजयुमो नेता
हरियाणा पुलिस ने कौशांबी जिले से भाजयुमो नेता शौर्य मिश्र को गिरफ्तार कर लिया है। शौर्य पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालकर हरियाणा के सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की साजिश रची थी। उनके खिलाफ गुरुग्राम थाने में आईटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, शौर्य मिश्र ने अपनी सोशल मीडिया आईडी से ऐसी सामग्री साझा की थी, जिससे हरियाणा में तनाव पैदा हो सकता था और सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ सकता था। इन पोस्टों को ‘जहरीला’ मानते हुए, गुरुग्राम पुलिस ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की।
सोमवार को गुरुग्राम थाने से एक सब इंस्पेक्टर कौशांबी पहुंचे और स्थानीय सीओ अभिषेक सिंह से मुलाकात की। उन्होंने शौर्य के खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी दी और गिरफ्तारी के लिए सहयोग मांगा। स्थानीय पुलिस की मदद से शौर्य को गिरफ्तार किया गया। सीओ ने बताया कि आरोपित को पुलिस कस्टडी डिमांड पर हरियाणा ले जाया गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने भी पुष्टि की कि शौर्य भाजयुमो की राजनीति से जुड़े हैं।
