यूपी में नाम बदलने का सिलसिला जारी: आगरा के गांव का नाम अब पृथ्वीपुरा होगा, सीएम योगी का फैसला
उत्तर प्रदेश में गांवों के नाम बदलने का सिलसिला जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर बड़ा फैसला लेते हुए आगरा जिले के एक गांव का नाम बदलने का आदेश दिया है। किरावली तहसील के नगला बहरावती गांव को अब पृथ्वीपुरा के नाम से जाना जाएगा। इस संबंध में जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी किए जाएंगे।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब राज्य में पंचायत चुनाव नजदीक हैं। इससे पहले भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरदोई और फिरोजाबाद जिलों की ग्राम पंचायतों के नाम बदलने की मंजूरी दी थी। फिरोजाबाद की ग्राम पंचायत वासुदेवमई के अंतर्गत ग्राम उरमुरा किरार का नाम बदलकर हरिनगर और हरदोई के विकास खंड भरावन की ग्राम पंचायत हाजीपुर का नाम बदलकर सियारामपुर किया गया था।
हाजीपुर के नाम परिवर्तन का प्रस्ताव एक साल पहले ही रखा गया था। जिला पंचायत की बैठक में ग्राम प्रधान की ओर से यह प्रस्ताव लाया गया था कि गांव में अल्पसंख्यक वर्ग का कोई व्यक्ति नहीं है, इसलिए नाम बदलकर सियारामपुर कर दिया जाए। ग्रामीणों की मांग पर इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर आगे भेजा गया था।
नाम बदलने के इस फैसले का सीधा असर स्थानीय निवासियों पर पड़ेगा, क्योंकि सरकारी रिकॉर्ड, पत्राचार और पहचान के दस्तावेजों में गांव का नाम अपडेट किया जाएगा। यह प्रक्रिया प्रशासनिक स्तर पर कुछ समय ले सकती है।
