लखनऊ को आगरा-काशी की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी, ‘Lucknow tourism’ को मिलेंगी कई सौगातें
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को अब आगरा और वाराणसी की तरह ही एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी चल रही है। योगी सरकार नए साल में लखनऊ को कई महत्वपूर्ण सौगातें देने जा रही है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि लखनऊ को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने के लिए एक विस्तृत परियोजना तैयार की जाए। इसका उद्देश्य देशी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करना है।
इस योजना के तहत राजधानी में एक नया पर्यटन एवं संस्कृति पार्क विकसित किया जाएगा। इसके अलावा, शहीद पथ के पास संस्कृति मुख्यालय की स्थापना की जाएगी। इस मुख्यालय में संस्कृति विभाग के सभी निदेशालयों के कार्यालयों को एक ही स्थान पर लाया जाएगा। मंत्री ने भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय के नए परिसर को भी अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने के निर्देश दिए हैं।
पर्यटकों की सुविधा के लिए ‘लखनऊ दर्शन’ बस सेवा भी शुरू की जाएगी। यह बस सेवा किफायती दरों पर लखनऊ के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराएगी। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह 6 जनवरी को 1090 चौराहे से इस बस सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्माणाधीन निर्माणाधीन संग्रहालयों और स्मारकों का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को लटकाने या विलंब करने की प्रवृत्ति को छोड़ना होगा। इसके साथ ही, ग्राम पंचायतों को वितरित किए जाने वाले वाद्ययंत्रों की खरीद में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
