लखनऊ यूनिवर्सिटी में ‘रोजगार मेला’ की तैयारी, 5000 महिलाओं को मिलेगा मौका
लखनऊ विश्वविद्यालय में केंद्रीय प्लेसमेंट सेल (CPC) ने हाल ही में एक कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों को दो महत्वपूर्ण रोजगार पहलों के बारे में बताया। पहली पहल ‘रोजगार महाकुंभ 2026- पिंक एडिशन’ है, जो विशेष रूप से महिला अभ्यर्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसका आयोजन 8 मार्च को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगा।
सीपीसी निदेशक प्रोफेसर अनूप कुमार भारतीय ने बताया कि यह आयोजन देश के सबसे बड़े महिला रोजगार अभियानों में से एक है। इसमें 5000 से अधिक महिला अभ्यर्थियों के भाग लेने की संभावना है, जबकि 50 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगी। इस पहल का उद्देश्य महिला अभ्यर्थियों को उद्योग जगत के साथ सीधे संवाद का मंच प्रदान करना है।
इस ‘Job Fair’ में भाग लेने वाली प्रमुख कंपनियों में फ्लिपकार्ट, अमेज़न डिजिटल केंद्र, एक्सिस बैंक, हीरो मोटोकॉर्प, बजाज ऑटो, पैंटालून्स, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, जेप्टो, क्रोमा, वीवीडीएन टेक्नोलॉजीज, डिक्सन, महिंद्रा फाइनेंस, केएफसी और मिंडा जैसी कंपनियां शामिल हैं। इसके अलावा, पिरामल फाउंडेशन की ओर से संचालित प्रतिष्ठित गांधी फेलोशिप कार्यक्रम के बारे में भी जानकारी दी गई, जिसके लिए इच्छुक अभ्यर्थी 10 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
