दिल्ली में तिरंगा यात्रा से पहले पुलिस की कार्रवाई, आयोजक को थमाया गया नोटिस | delhi news
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सीजेपी द्वारा आयोजित ‘तिरंगा यात्रा’ से पहले प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में होने वाले इस कार्यक्रम से पहले दिल्ली पुलिस सक्रिय हो गई और एनसीपी-एससीपी के प्रवक्ता के आवास पर ठहरे सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके को पुलिस अधिनियम के तहत नोटिस थमाया गया। इस पूरी कार्रवाई ने राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी बढ़ा दी है।
यह विरोध प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले जंतर-मंतर के पास तिरंगा लेकर पहुंचे दो कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया था। आयोजकों का दावा है कि उन पर लगातार नजर रखी जा रही है और खुफिया विभाग के कर्मी उनकी गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं।
दूसरी ओर, नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने कनॉट प्लेस जैसे व्यावसायिक केंद्र में इस तरह के आयोजनों पर कड़ी आपत्ति जताई है। व्यापार मंडल का तर्क है कि त्योहारी सीजन के दौरान इस तरह के विरोध प्रदर्शनों से आम जनता को भारी असुविधा होती है और व्यापारियों की आजीविका के साथ-साथ सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंचता है। प्रशासन ने क्षेत्र में धारा 163 लागू होने का हवाला देते हुए लोगों से मार्च से दूर रहने की अपील की है।
