फरीदाबाद के अस्पताल में अव्यवस्था: ICU में डॉक्टर नदारद, मरीज रेफर
जिला नागरिक बादशाह खान अस्पताल में छुट्टी के दिन स्वास्थ्य सेवाओं का हाल किसी रामभरोसे से कम नहीं रहता। रविवार को बाल रोग विभाग के आईसीयू में दोपहर तक डॉक्टर राउंड पर नहीं पहुंचे, जिससे भर्ती मरीजों के परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, नर्सिंग स्टाफ अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहा और मरीजों को दवाएं दी गईं।
डबुआ कॉलोनी निवासी ममता ने बताया कि उनका दो वर्षीय बेटा विनीत निमोनिया से पीड़ित है और आईसीयू में भर्ती है। रविवार दोपहर तक वार्ड में डॉक्टर नहीं आए थे। ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग अधिकारी ने बताया कि डॉक्टर जल्द ही आएंगे।
अस्पताल के दूसरे तल पर स्थित छह बिस्तरों वाले आईसीयू में रविवार को चार बिस्तर खाली थे। इसके बावजूद, आपातकालीन विभाग से गंभीर अवस्था वाले कई मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर कर दिया गया। संजय कॉलोनी निवासी बीना, जिन्हें रक्त की कमी और सांस लेने में तकलीफ थी, उन्हें अस्पताल लाने के कुछ देर बाद ही रेफर कर दिया गया। उनके परिजनों को बताया गया कि आईसीयू में वेंटिलेटर खराब हैं।
बता दें कि ‘रेफर मुक्त फरीदाबाद’ की मांग को लेकर समाजसेवी सतीश चोपड़ा ने पिछले साल चार दिसंबर से नागरिक अस्पताल के बाहर धरना शुरू किया था। यह धरना 293 दिनों तक चला था। उनकी मांग थी कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किया जाए और मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर न किया जाए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सुधार का आश्वासन भी दिया था, लेकिन जमीनी हकीकत अब भी जस की तस बनी हुई है।
सूत्रों के अनुसार, जिला नागरिक अस्पताल के आईसीयू को बेहतर तरीके से चलाने के लिए आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों और पर्याप्त स्टाफ की कमी है। वर्तमान में 04 आईसीयू प्रशिक्षित डॉक्टर, 02 आईसीयू विशेषज्ञ और 15 नर्सिंग अधिकारियों की तत्काल आवश्यकता है।
वहीं, अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गोयल का कहना है कि प्रतिदिन सुबह व शाम को डॉक्टर हर वार्ड में राउंड पर आते हैं और रात की पाली में भी मरीजों का ध्यान रखा जाता है। व्यवस्था में कोई कमी नहीं है। उन्होंने स्वीकार किया कि कई बार मरीजों की स्थिति अधिक गंभीर होने पर उन्हें रेफर किया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल में आईसीयू के लिए विशेषज्ञों की कमी है और इस संबंध में उच्च अधिकारियों से मांग की गई है। ट्रेनिंग के बाद कई डॉक्टर आईसीयू में सेवाएं दे रहे हैं।
