Patna News: ठंड बढ़ने से इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में उछाल, हीटर और गीजर की मांग बढ़ी
राजधानी पटना सहित आसपास के इलाकों में बीते चार दिनों से चल रही तेज पछुआ हवा ने कनकनी बढ़ा दी है। तापमान में लगातार गिरावट आने से ठंड में वृद्धि हुई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस कड़ाके की ठंड से बचने के लिए लोग अब गर्म कपड़ों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का सहारा ले रहे हैं।
शहर के प्रमुख बाजारों जैसे चांदनी मार्केट, कदमकुआं और कंकड़बाग में हीटर, गीजर और ब्लोअर की मांग में भारी उछाल आया है। ठंड बढ़ने से इलेक्ट्रॉनिक कारोबारियों के चेहरे पर रौनक लौट आई है। लोग घरों के साथ-साथ कार्यालयों और दुकानों के लिए भी इन उपकरणों की खरीदारी कर रहे हैं।
बाजार में गीजर की मांग सबसे अधिक है, खासकर किचन गीजर की। कारोबारियों के अनुसार, ठंड के मौसम में किचन में काम करने वाली गृहणियों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है, इसलिए लोग किचन गीजर को प्राथमिकता दे रहे हैं। गीजर में अब ऑटो-कट जैसे आधुनिक फीचर्स भी आ रहे हैं। बाजार में 15 लीटर के गीजर की मांग सबसे ज्यादा है, हालांकि 25 और 35 लीटर के विकल्प भी उपलब्ध हैं।
रूम हीटर की खरीदारी भी तेजी से हो रही है। इस बार बाजार में ऑयल हीटर की मांग ज्यादा है, क्योंकि यह कम बिजली खपत करता है और कमरे को लंबे समय तक गर्म रखता है। ठंड को देखते हुए इन उपकरणों को दिल्ली और कोलकाता जैसे बड़े शहरों से मंगाया गया है। रिमोट से चलने वाले गीजर भी इस बार बाजार में आए हैं, जिन्हें लोग काफी पसंद कर रहे हैं।
